गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक कुमार (26) निवासी गोरखना, जिला हनुमानगढ़ और विशाल गुर्जर (20) निवासी भैरुपुरा, जिला बूंदी के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 26 नवंबर को रेलवे कॉलोनी थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान रंगपुर पुलिया के पास ट्रॉली बैग लेकर जा रहे दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर रास्ता बदलने लगे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने दोनों को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग में रखे प्लास्टिक के कट्टे से 13 किलो 690 ग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके दो मोबाइल फोन भी जब्त किए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बूंदी से डोडा-चूरा लेकर रेल मार्ग से कोटा होते हुए आगे जाने की फिराक में थे। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की नजर से बचने के लिए वे स्टेशन के बाहर खाली इलाकों में घूम रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि डोडा-चूरा कहां से लाया गया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश और तस्करी नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.