स्वास्थ्य भवन में आयोजित बैठक में प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा गायत्री राठौड़ की अध्यक्षता में दल के सदस्यों ने राजस्थान के अधिकारियों के साथ अपने निरीक्षण और सुझाव साझा किए। केन्द्रीय संयुक्त स्वास्थ्य सचिव एवं सीआरएम दल की ऑब्जर्वर रितु शर्मा सहित विभिन्न विशेषज्ञ बैठक में शामिल हुए।
केन्द्रीय दल ने प्रदेश में संचालित कई स्वास्थ्य नवाचारों की विशेष सराहना की। इनमें प्रसव सखी हेल्प डेस्क, बुजुर्गों के लिए रामाश्रय वार्ड, पिंक यूपीएचसी, टाइप-1 डायबिटीज की स्क्रीनिंग और उपचार के लिए मिशन मधुहारी, मिशन लिवर स्माइल और गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क सोनोग्राफी की मा वाउचर योजना शामिल हैं।
दल ने नए मेडिकल ऑफिसर्स के लिए रिफ्रेशर ट्रेनिंग, दवाओं की सप्लाई चेन, रियल टाइम स्टोर मैनेजमेंट और हब एंड स्पोक मॉडल के थर्ड पार्टी असेसमेंट जैसे विषयों पर भी चर्चा की। विशेषज्ञों ने इन क्षेत्रों में सुधार के लिए सुझाव दिए।
प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. पवन कुमार के नेतृत्व में आए दल ने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों और सेवाओं के क्रियान्वयन का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सीआरएम दल के सुझावों के अनुसार सामने आए कमियों के बिंदुओं पर सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम, प्रबंध निदेशक आरएमएससीएल पुखराज सेन, राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरजीलाल अटल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.