जयपुर: अजमेर रोड स्थित धारव पब्लिक स्कूल के गेट के पास डंपर ने सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस और ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो में सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। टक्कर से ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात रही कि घटना के समय स्कूल बस में बच्चे नहीं थे। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, डंपर नंबर RJ-5 GA-0313 अजमेर की ओर से जयपुर आ रहा था। बताया गया कि हादसे से करीब आधा घंटा पहले ही स्कूल बस बच्चों को उतारकर वहां खड़ी हुई थी। स्थानीय लोगों ने मशक्कत कर घायल ऑटो चालक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। उसे एसएमएस अस्पताल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने भीड़ को हटाने का प्रयास किया। इस दौरान सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शी राहुल के मुताबिक, डंपर तेज रफ्तार में अजमेर रोड से जयपुर की ओर आ रहा था। वह सड़क के बाईं ओर धारव पब्लिक स्कूल की तरफ घुसा और पहले ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद स्कूल के बाहर खड़ी बस से भिड़ गया।
स्थानीय लोगों ने स्कूल बसों को सड़क किनारे खड़ा करने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि स्कूल परिसर में पार्किंग होने के बावजूद बसें सड़क किनारे खड़ी की जाती हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
भांकरोटा थानाधिकारी दीपक त्यागी ने बताया कि हादसा धारव पब्लिक स्कूल के गेट के सामने हुआ। प्रारंभिक जांच में डंपर के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, डंपर की टक्कर से ऑटो में सवार व्यक्ति घायल हुआ, जबकि स्कूल बस को भी नुकसान पहुंचा। डंपर चालक मौके से फरार हो गया। वाहन नंबर के आधार पर उसकी पहचान कर तलाश की जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.