पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भगवान हनुमानजी की आरती उतारकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर में मौजूद संत-महंतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। महोत्सव के अवसर पर श्री खोले के हनुमानजी को 30 किलो चांदी से निर्मित विशेष पोशाक धारण कराई गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
अन्नकूट महोत्सव के लिए भगवान के छप्पन भोग में 80 से 85 प्रकार की मिठाइयां और नमकीन तैयार की गई हैं। इसमें करीब 10 क्विंटल लड्डू, 15 क्विंटल नमकीन, 5 क्विंटल पेठा और 4 क्विंटल मठरी शामिल हैं। इसके अलावा लगभग 300 किलो मावे से 10 तरह की मिठाइयां तैयार की गई हैं। बंगाली मिठाइयां, मूंग के लड्डू, मीठी पूरी और नमकीन पूरी भी छप्पन भोग का हिस्सा हैं। छप्पन भोग का प्रसाद दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को वितरित किया जा रहा है।
मंदिर परिसर में अन्नकूट प्रसादी तैयार करने के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। यहां 61 भट्ठियों और 22 चूल्हों पर लकड़ी की आंच से भोजन बनाया जा रहा है। इसके लिए जमवारामगढ़ से 25 से 26 गाड़ी लकड़ी मंगवाई गई है। प्रसादी तैयार करने में 350 से अधिक हलवाई जुटे हुए हैं।
भोजन में चावल, मूंग, चोला, बाजरा, कढ़ी, गट्टे की सब्जी, पकौड़ी, सूजी का हलवा और करीब 20 से 25 तरह की सब्जियों से तैयार मिक्स सब्जी शामिल है। देर रात से ही प्रसादी बनाने का काम शुरू कर दिया गया था।
इस बार महोत्सव में करीब 2.5 लाख श्रद्धालुओं के लिए अन्नकूट प्रसादी तैयार की जा रही है। मंदिर परिसर में 13 ब्लॉक बनाए गए हैं, जहां एक साथ करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के बैठकर भोजन करने की व्यवस्था है। दोपहर 12 बजे से रात 11 बजे तक पंगत प्रसादी का आयोजन किया जा रहा है। भोजन परोसने और व्यवस्थाएं संभालने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की टीमें तैनात हैं।
प्रसादी तैयार करने वाले कांजी हलवाई के अनुसार, उनकी टीम पिछले करीब 30 वर्षों से मंदिर में अन्नकूट प्रसादी बनाने का काम कर रही है। दोपहर 3:30 बजे तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण कर चुके थे।
श्री खोले के हनुमानजी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव की शुरुआत वर्ष 1971 में महज ढाई किलो अनाज से हुई थी। समय के साथ श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ती गई और आज यह आयोजन लाखों लोगों की आस्था का केंद्र बन चुका है। हर साल बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के साथ प्रसादी और व्यवस्थाओं का विस्तार किया जा रहा है।
खोले के हनुमानजी मंदिर का यह लक्खी अन्नकूट महोत्सव धार्मिक आस्था, सेवा और सामूहिक सहभागिता की अनूठी मिसाल पेश कर रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.