दौसा | राजस्थान के दौसा जिले में साइबर थाना और साइबर सेल ने ई-कॉमर्स धोखाधड़ी के एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए करीब 19.87 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी Amazon पर फर्जी नाम और पते से अकाउंट बनाकर महंगे इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद मंगवाते थे और बेहद शातिर तरीके से पार्सलों में असली सामान की जगह नकली उत्पाद रखकर कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाते थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी पार्सल को नुकसान पहुंचाए बिना खोलने के लिए गर्म चाय की भाप (Steam) का इस्तेमाल करते थे। भाप से पैकिंग की सील ढीली होने पर वे सावधानी से पार्सल खोलते, उसमें से महंगे Apple उत्पाद निकाल लेते और उनकी जगह बिल्कुल हूबहू दिखने वाले नकली उत्पाद रख देते। इसके बाद पार्सल को दोबारा उसी तरह सील कर दिया जाता था, जिससे किसी को शक नहीं होता था।
पुलिस के अनुसार गिरोह ने डिलीवरी कंपनी के हब मैनेजर से भी सांठगांठ कर रखी थी। आरोपी पहले फर्जी नाम-पते से Amazon पर ऑर्डर करते, फिर पार्सल अपने कब्जे में लेकर उसमें अदला-बदली करते। बाद में डिलीवरी रिकॉर्ड में गलत या अधूरा पता दिखाकर ऑर्डर रद्द कर दिया जाता। इससे Amazon ग्राहक के खाते में पूरी राशि वापस कर देता, जबकि आरोपी असली महंगे उत्पाद बाजार में बेचकर अलग से मोटा मुनाफा कमा लेते थे।
11 अगस्त 2025 को कनेक्ट इंडिया कूरियर कंपनी, दौसा के मैनेजर सतवीर सिंह ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार Apple Watch Ultra समेत महंगे उत्पादों के 19 ऑर्डर संदिग्ध तरीके से रद्द किए गए। जब पार्सल वापस Amazon वेयरहाउस पहुंचे तो जांच में पता चला कि असली उत्पादों की जगह नकली सामान रखा गया था। इस धोखाधड़ी से कंपनी को 19,86,976 रुपये का नुकसान हुआ।
जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश, दौसा एसपी पीयूष दीक्षित और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल मीणा के निर्देशन में साइबर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) बृजेश कुमार मीना के नेतृत्व में टीम ने डिजिटल साक्ष्यों, ऑनलाइन अकाउंट, ट्रैकिंग रिकॉर्ड और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गिरोह का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने इस मामले में साहिल बंसल, मदन जांगिड़, पारस साहू और नरेन्द्र बैरवा को गिरफ्तार किया है। इनमें नरेन्द्र बैरवा कनेक्ट इंडिया ई-कॉमर्स सर्विस प्राइवेट लिमिटेड की दौसा शाखा में हब मैनेजर के पद पर कार्यरत था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, बेचे गए उत्पादों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.