भीलवाड़ा: राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टोंक टीम ने भीलवाड़ा जिले के ऊंचा पंचायत क्षेत्र में तैनात पटवारी भंवर सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी पर आरोप है कि उसने एक जमीन से जुड़े डिक्री एवं राजस्व रिकॉर्ड संबंधी कार्य को पूरा करने के एवज में परिवादी से रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। तय योजना के अनुसार परिवादी आरोपी पटवारी को रिश्वत की राशि देने पहुंचा। इस दौरान पटवारी अपनी कार में सवार था और उसने 20 हजार रुपये लेकर कार के डैशबोर्ड में रख लिए। पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चलती कार को रुकवाया और पटवारी को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आवास व अन्य ठिकानों की भी जांच की जा रही है, ताकि उसकी आय से अधिक संपत्ति या अन्य भ्रष्टाचार संबंधी मामलों की भी जानकारी जुटाई जा सके।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.