जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनावों का बिगुल बज गया है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही प्रदेश में आचार संहिता लागू हो गई है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव चार चरणों में कराए जाएंगे।
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 23 अक्टूबर, दूसरे चरण का 29 अक्टूबर, तीसरे चरण का 4 नवंबर और चौथे चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा। चुनाव परिणाम 20 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
इसके बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान, 26 नवंबर को उपजिला प्रमुख और 28 नवंबर को उपप्रधान का चुनाव होगा।
राज्य के 37 जिलों में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया करीब 50 दिनों तक चलेगी। अलग-अलग चरणों में चुनावी प्रक्रिया 8 अक्टूबर से 28 नवंबर तक जारी रहेगी।
हालांकि कोटा, श्रीगंगानगर, बारां और करौली जिलों में जिला प्रमुख एवं प्रधान का कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा होगा। इसलिए इन जिलों में जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव बाद में होंगे। इन जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव अन्य जिलों के साथ ही कराए जाएंगे।
सरपंच एवं वार्ड पंच के चुनाव भी चार चरणों में होंगे। पहले चरण में 25 अक्टूबर, दूसरे चरण में 31 अक्टूबर, तीसरे चरण में 6 नवंबर और चौथे चरण में 16 नवंबर को मतदान होगा।
तीसरे चरण में 3,605 ग्राम पंचायतों में धरतेरस के दिन मतदान होगा। सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से होंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव EVM से कराए जाएंगे। सरपंच चुनाव के नतीजे मतदान के दिन ही देर रात तक घोषित किए जाएंगे।
पंचायतीराज चुनाव में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण निर्धारित है। मतदाता आंकड़ों के अनुसार 51.82 फीसदी पुरुष और 48.18 फीसदी महिला मतदाता हैं।
41 जिलों में जयपुर में सबसे ज्यादा 18.99 लाख मतदाता हैं, जबकि जैसलमेर में सबसे कम 4.36 लाख मतदाता बताए गए हैं।
चुनावी कार्यक्रम के अनुसार जयपुर में चार चरणों में मतदान होगा। जैसलमेर, फलोदी और सलूंबर में एक चरण में चुनाव होंगे। झुंझुनूं, करौली, सीकर, बांसवाड़ा, बीकानेर, जालोर और उदयपुर में तीन चरणों में, जबकि 30 जिलों में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा।
पंचायत चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही अब गांवों में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है और विभिन्न पदों के दावेदारों की सक्रियता बढ़ेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.