सीकर के लक्ष्मणगढ़ से बड़ी खबर—
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने लक्ष्मणगढ़ दौरे के दौरान राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। पंचायत समिति सभागार में आयोजित उपखंड स्तरीय जनसुनवाई में पहुंचे डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में “पोपाबाई का राज” चल रहा है और ऐसा शासन उन्होंने अपने जीवन में पहले कभी नहीं देखा।
जनसुनवाई के दौरान उस वक्त माहौल गरमा गया जब भाजपा नेता भागीरथ गोदारा ने ग्रामीण इलाकों में जल जीवन मिशन के कनेक्शन नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। इस पर डोटासरा के जवाब के दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। हालात बिगड़ते देख प्रशासन को बीच-बचाव करना पड़ा और काफी मशक्कत के बाद मामला शांत कराया गया।
जनसुनवाई में स्थानीय लोगों ने पानी, बिजली, सड़क और लक्ष्मणगढ़ जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी जैसी समस्याएं उठाईं। डोटासरा ने आरोप लगाया कि राज्य में पंचायत और निकाय चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं, प्रशासनिक तंत्र हावी है और विकास कार्य ठप पड़े हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा व्यवस्था की हालत चिंताजनक है और सरकार इस दिशा में गंभीर नहीं है। साथ ही, हाल ही में निलंबन और बहाली के मामलों को लेकर भी सरकार पर पक्षपात के आरोप लगाए।
डोटासरा ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.